सिद्धार्थनगर में 11 स्कूलों पर मिला ताला: 65 कर्मियों का एक दिन का वेतन रुका, निरीक्षण के बाद की गई कार्रवाई

सिद्धार्थनगर|10 सितंबर 2026
65 कर्मियों का एक दिन का वेतन रुका, निरीक्षण के बाद की गई कार्रवाई

जिले में परिषदीय विद्यालयों की निगरानी के दौरान 11 स्कूल बंद मिलने से बेसिक शिक्षा विभाग में खलबली मच गई। निरीक्षण के समय इन विद्यालयों में ताला लगा था और शिक्षण कार्य संचालित नहीं हो रहा था। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों समेत 65 शिक्षण कर्मियों का एक दिन का वेतन-मानदेय रोक दिया है। सभी संबंधित कर्मियों से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

बीएसए शैलेश कुमार के निर्देश पर जिले के अलग-अलग परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण 21 अगस्त से छह सितंबर के बीच कराया गया। इस दौरान 11 विद्यालय ऐसे मिले, जहां निरीक्षण टीम के पहुंचने पर स्कूल बंद था। मामले में संबंधित प्रधानाध्यापक और इंचार्ज प्रधानाध्यापक समेत पूरे स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने सभी से स्कूल बंद रहने की स्थिति को लेकर जवाब मांगा है।

बढ़नी से नौगढ़ तक स्कूलों में मिला ताला

निरीक्षण में बढ़नी ब्लॉक के खरिकौरा विद्यालय में 24 अगस्त को ताला मिला। बर्डपुर के परसा बेलहरी में दो सितंबर और महदेवा मिश्रा व मिश्रौलिया में 25 अगस्त को स्कूल बंद मिले। बैजनाथपुर विद्यालय में 29 अगस्त को निरीक्षण के दौरान ताला लगा था। जोगिया के केवटालिया में 31 अगस्त, खेसरहा के बैतुल्लाह भटौली में तीन सितंबर और नौगढ़ के ककोरी में 21 अगस्त को स्कूल बंद पाया गया। उस्का बाजार के सजनापार विद्यालय में तीन सितंबर को ताला मिला। सोहांस जनूबी और बसावनपुर स्कूल भी 22 अगस्त को बंद मिले।

स्कूल संचालन की व्यवस्था पर उठे सवाल

एक साथ 11 विद्यालय बंद मिलने से शिक्षकों की उपस्थिति और स्कूल संचालन की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को शिक्षण कर्मियों के स्पष्टीकरण लेकर उनकी समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।

एक सप्ताह के भीतर देना होगा जवाब

सभी संबंधित कर्मियों को एक सप्ताह के भीतर अपना पक्ष रखना होगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों के खिलाफ नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।