सिद्धार्थनगर में पैरवी के लिए तहसील आई महिला से गाली-गलौज: बीच-बचाव पर पिता-पुत्री से की मारपीट, दो पर केस दर्ज

बांसी तहसील परिसर में मुकदमे की पैरवी के लिए पहुंची महिला और उसके पिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि एसडीएम बांसी के चेंबर के सामने दो लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला और उसके पिता से मारपीट की। दोनों को चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दो नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चरथरी गांव निवासी किरन तिवारी के अनुसार, वह 18 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे अपने पिता दूधनाथ के साथ बांसी तहसील पहुंची थीं। दोनों नायब तहसीलदार के कोर्ट में चल रहे मुकदमे की पैरवी के लिए गए थे। इसी दौरान एसडीएम बांसी के चेंबर के सामने चरथरी गांव निवासी गणेश तिवारी और दीनानाथ तिवारी भी वहां आ गए।
विरोध करने पर किया झगड़ा
किरन तिवारी का आरोप है कि दोनों लोगों ने वहां उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। उन्होंने विरोध किया तो दोनों झगड़ा करने लगे। बेटी के साथ विवाद होते देख उनके पिता दूधनाथ बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद गणेश तिवारी और दीनानाथ तिवारी ने किरन और उनके पिता दोनों के साथ मारपीट की। घटना में दोनों को चोटें आईं।
मामले की जांच कर रही पुलिस
किरन तिवारी ने घटना को लेकर बांसी थाने में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गणेश तिवारी और दीनानाथ तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर शम्स जावेद खान को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।










