कानपुर में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराकर गैस टैंकर में घुसी कार, कत्था फैक्ट्री मालिक की मौत

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक अनियंत्रित फॉर्च्यूनर कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे इंडेन गैस टैंकर से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में फॉर्च्यूनर सवार मशहूर कत्था फैक्ट्री मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर महोली के पास हुई।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फॉर्च्यूनर कार कानपुर से प्रयागराज की तरफ बेहद तेज रफ्तार में जा रही थी। अचानक महोली के पास कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर को लांघते हुए दूसरी लेन में चली गई।इसी दौरान सामने की लेन से प्रयागराज से मथुरा की ओर जा रहा इंडेन गैस का टैंकर गुजर रहा था। फॉर्च्यूनर कार सीधे गैस टैंकर के सामने आ घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉर्च्यूनर कार के परखच्चे उड़ गए और कार चला रहे कारोबारी गाड़ी के भीतर ही बुरी तरह फंस गए।
पत्नी के सामने हुआ हादसा
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान महाराजपुर के प्रसिद्ध कत्था कारोबारी पंकज अग्रवाल के रूप में हुई है। टक्कर के बाद उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के समय उनकी पत्नी भी उनके साथ थीं, जिनकी आंखों के सामने ही यह पूरी घटना घटी। टक्कर इतनी भयानक थी कि हादसे के बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर दोनों ओर का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लंबा जाम लग गया।
क्रेन की मदद से टैंकर और कार को हटाया गया
गैस टैंकर के चालक राजू ने बताया कि उसने ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोकने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन फॉर्च्यूनर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सीधे आकर भिड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को कार से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके बाद हाईवे पर खड़ी क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर और टैंकर को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से चालू कराया जा सका।










