मेरठ में दो सगी बहनों से छेड़छाड़: सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, आरोपी गिरफ्तार

जिले में महिलाओं की सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पैठ बाजार (नाला रोड) में खरीदारी करने आईं दो सगी बहनों से सरेराह छेड़छाड़ और अभद्रता की गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार,भावनपुर क्षेत्र की रहने वाली दो युवतियां लालकुर्ती पैठ बाजार में शादी की खरीदारी करने पहुंची थीं। इसी दौरान दुकान के बाहर स्कूटी पर बैठे दो युवकों ने उन पर अश्लील फब्तियां कसीं और छींटाकशी शुरू कर दी। जब दोनों बहनों ने इस अभद्र व्यवहार का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी युवक अपनी दबंगई पर उतर आए और सार्वजनिक रूप से उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की धमकी देने लगे। युवतियों के शोर मचाने पर बाजार में लोगों और व्यापारियों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
युवतियों ने थाने में दर्ज कराई एफआईआर
यह पूरी वारदात बाजार में लगी एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी सरेआम युवतियों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं। पीड़ित युवतियों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालकुर्ती थाना पुलिस और एंटी रोमियो स्क्वाड ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और उनके आधार पर दोनों मनचलों की पहचान कामिल और सुफियान के रूप में की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
महिलाओं से अभद्रता करने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिलाओं से अभद्रता करने वाले आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सीसीटीवी फुटेज के पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।










