मेरठ में कॉमन करैत के डसने से दस साल के बच्चे की मौत: इलाज से पहले कराया झाड़फूंक, गांव में पसरा मातम

मेरठ|
इलाज से पहले कराया झाड़फूंक, गांव में पसरा मातम

मेरठ के गंगानगर क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक कॉमन करैत सांप के डसने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। युग रात में बरामदे में माता-पिता के पास सो रहा था। सुबह करीब चार बजे सांप के डसने के बाद वह चिल्लाकर उठा। परिजनों ने देखा तो बिस्तर पर सांप था।

मेरठ के अम्हेड़ा गांव में चार बजे कॉमन करैत ने 10 वर्षीय युग को गर्दन पर डस लिया। आरोप है कि अस्पताल ले जाने से पहले परिजन बच्चे को मवाना, खेड़की और शोभापुर में झाड़फूंक कराने के लिए ले गए। बाद में मेडिकल अस्पताल पहुंचने तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। युग कनिष्का कसेरूबक्सर स्थित ब्राइट लिटिल फ्लावर स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता था। वह अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मां अंजू गृहणी हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

गर्दन में डसा सांप

अम्हेड़ा गांव निवासी राहुल चालक हैं। उनके तीन बच्चों में सबसे छोटा 10 वर्षीय युग था। वह रात में बरामदे में बेड पर माता-पिता के साथ सो रहा था। सुबह करीब चार बजे युग अचानक चिल्लाते हुए उठा और पिता को बताया कि उसकी गर्दन में तेज चुभन हो रही है। लाइट जलाने पर बेड पर सांप दिखाई दिया। परिजनों के अनुसार, सांप ने युग की गर्दन पर डसा था।

अस्पताल जाने से पहले कराया झाड़फूंक

युग की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कार से पहले मवाना, फिर खेड़की और इसके बाद शोभापुर में झाड़फूंक करने वाले व्यक्ति के पास ले गए। वहां से भी उन्हें वापस कर दिया गया। इसके बाद परिजन युग को मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन सुबह करीब आठ बजे शव लेकर घर लौट आए।

चौबीस घंटे में इलाज की बात सुनकर ले गए अस्पताल

परिजनों के अनुसार, सुबह किसी ने बताया कि सांप के डसने के बाद 24 घंटे तक इलाज की संभावना रहती है। इसके बाद परिजन फिर बच्चे को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी उपचार से मना कर दिया गया। इसके बाद परिजन दोबारा देसी दवा देने वालों के पास बच्चे को लेकर घूमते रहे और अंत में उसे घर ले आए।

परिजनो ने सांप को डिब्बे में किया बंद

घटना के बाद परिजनों ने सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया। उसकी लंबाई करीब डेढ़ फीट बताई गई है। शरीर पर पतली सफेद धारियों, छोटे मुंह और बनावट के आधार पर उसकी पहचान इंडियन कॉमन करैत के रूप में की गई। ग्रामीणों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।