मेरठ में नशे में धुत अग्निवीर ने किया हंगामा: दरोगा से की हाथापाई, वर्दी फाड़ने का लगा आरोप

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में एक अग्निवीर के हाईवे किनारे हंगामा करने का मामला सामने आया। देहरादून हाईवे पर अग्निवीर यश तोमर नशे की हालत में लोगों से विवाद और बदसलूकी कर रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह पुलिसकर्मियों से ही अभद्रता करने लगा और हाथापाई शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें एक फौजी पुलिसकर्मियों के साथ विवाद करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि शुरुआती सूचना पर पहुंची पीआरवी के दो पुलिसकर्मियों के साथ उसने अभद्रता और बदसलूकी की। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने एक दरोगा की वर्दी तक फाड़ दी। स्थिति बिगड़ने पर दूसरी पीआरवी को भी मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद फौजी को घेरकर हिरासत में लिया गया। वीडियो में पुलिसकर्मी उसे वाहन में बैठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने फौजी को हिरासत में लिया
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो की जांच कराई गई तो घटनास्थल कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का पाया गया। इसके बाद कंकरखेड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित फौजी को हिरासत में ले लिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मिलिट्री पुलिस को दी गई सूचना
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक फौजी पीआरवी पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और बदसलूकी करता दिखाई दे रहा है। जांच में वीडियो कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का पाया गया। उन्होंने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित फौजी को हिरासत में लिया। उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण की जानकारी मिलिट्री पुलिस को भी दी गई है, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।










