मेरठ में शादी के पांच दिन बाद सहेली संग गई नवविवाहिता: पहले ही कर रखी थी कोर्ट मैरिज, दोनों ने साथ रहने की जताई इच्छा

मेरठ|
पहले ही कर रखी थी कोर्ट मैरिज, दोनों ने साथ रहने की जताई इच्छा

जानी क्षेत्र में शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता के अपनी सहेली के साथ चले जाने का मामला सामने आया है। दोनों युवतियों ने पुलिस के सामने साथ रहने की इच्छा जताते हुए दावा किया कि उन्होंने पहले ही कोर्ट मैरिज कर रखी है। घटनाक्रम के बाद दोनों परिवारों ने उनसे रिश्ता समाप्त करने की बात कही। वहीं, पुलिस की मौजूदगी में दोनों युवतियां वहां से चली गईं।

जानी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली दो युवतियों की दोस्ती बचपन से थी। दोनों के घर एक-दूसरे से करीब 500 मीटर की दूरी पर हैं। एक युवती के पिता राजमिस्त्री हैं, जबकि दूसरी युवती डॉली के पिता का निधन हो चुका है। परिवार में उसकी छह बहनें और दो भाई हैं। इनमें तीन बहनों की शादी हो चुकी है। दोनों ने साथ पढ़ाई करते हुए बीए और एमए तक की शिक्षा पूरी की। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए। जब इस संबंध की जानकारी परिवारों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और दोनों के मिलने-जुलने पर रोक लगा दी। इसके बाद 24 वर्षीय युवती की छह जुलाई को गाजियाबाद के लोनी निवासी युवक से शादी करा दी गई।

पुलिस के सामने साथ रहने की बात की

परिजनों के अनुसार शादी के बाद नवविवाहिता ने अपनी सहेली डॉली से संपर्क कर कहा कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती और उसके साथ रहना चाहती है। इसके बाद 11 जुलाई को डॉली लोनी पहुंची और डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी को एक परिवार ने रोक रखा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने ले आई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों युवतियों ने कहा कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी और अब साथ रहना चाहती हैं। नवविवाहिता ने स्पष्ट कहा कि वह न अपने मायके में रहना चाहती है और न ही ससुराल में, बल्कि अपनी सहेली के साथ जीवन बिताना चाहती है।

परिवार ने तोड़ा रिश्ता

घटना की जानकारी मिलने पर दोनों परिवार भी थाने पहुंचे। काफी समझाने के बावजूद दोनों युवतियां अपने फैसले पर कायम रहीं। इसके बाद दोनों परिवारों ने उनसे संबंध समाप्त करने की बात कही और मेरठ लौट गए। बाद में दोनों युवतियां लोनी थाने से कहीं चली गईं। जानी थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने इस संबंध में किसी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।