यूपी के 57 जिलों में मिलें 551 स्वाइन फ्लू के मरीज: स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता, डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द

प्रदेश के 57 जिलों में 551 स्वाइन फ्लू (H1N1) मरीजों की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। मिले मरीजों में सबसे अधिक मामले गौतमबुद्ध नगर में दर्ज किए गए हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी 75 जिलों में निगरानी तेज कर दी है।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को चार नए H1N1 यानि स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने के बाद कुल मामलों की संख्या 17 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की निगरानी और संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। गौतमबुद्ध नगर में H1N1 के मामले तेजी से बढ़े हैं। पिछले 48 घंटे में 19 नए मरीजों के सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 209 बताई गई है। स्थिति को देखते हुए आईसीयू में तैनात डॉक्टरों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक अभी किसी मरीज की हालत गंभीर नहीं है।
पश्चिमी यूपी में भी बढ़ी चिंता
हापुड़ में H1N1 संक्रमण से एक मौत की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मेरठ मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए 20 बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। गाजियाबाद में भी 10 दिनों के भीतर नौ स्वाइन फ्लू मरीजों की रिपोर्ट सामने आई हैं। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी H1N1 की दस्तक दर्ज हुई है। वाराणसी में चार पुष्ट मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। प्रयागराज में भी एक महिला के H1N1 संक्रमित पाए जाने के बाद उसे एसआरएन अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने ज्यादा संक्रमण वाले जिलों में अलग ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को पर्याप्त दवाएं, जांच किट, आइसोलेशन बेड और जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी 75 जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
H1N1 में सामान्य तौर पर तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिरदर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। सांस लेने में परेशानी या हालत बिगड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और लक्षण दिखने पर समय से जांच व उपचार कराने की अपील की है।










