वाराणसी में आसमान में आधे घंटे तक चक्कर लगाती रही फ्लाइट: एयरपोर्ट के रनवे में अचानक आई खराबी, कई फ्लाइट्स को किया डायवर्ट

वाराणसी|2 घंटे पहले
एयरपोर्ट के रनवे में अचानक आई खराबी, कई फ्लाइट्स को किया डायवर्ट

वाराणसी में मंगलवार दोपहर एयरपोर्ट के रनवे में अचानक खराबी आ गई। एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल रनवे को बंद कर सभी फ्लाइट्स को डायवर्ट करना शुरू किया। इस दौरान दिल्ली से आई इंडिगो की फ्लाइट 6E-5025 करीब आधे घंटे तक आसमान में चक्कर लगाती रही, लेकिन उसे लैंडिंग की इजाजत नहीं मिली। बाद में फ्लाइट को अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया।

ऐसे ही इंडिगो की अहमदाबाद से आ रही फ्लाइट 6E-6805 और नवी मुंबई से आ रही फ्लाइट 6E-2442 को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी के लिए उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट्स को वहीं रोक दिया गया। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। एयरलाइंस के काउंटर पर यात्रियों की भीड़ लग गई।

यात्रियों को लेने पहुंचे परिजन दिखे परेशान

डायवर्ट हुई फ्लाइट्स के यात्रियों को लेने पहुंचे परिजन काफी परेशान दिखे। फोन कर उनका हाल-चाल जानते रहे। हालांकि, रनवे में किस तरह की खराबी आई थी, इसकी आधिकारिक जानकारी एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से अब तक जारी नहीं की गई है। प्रशासन से जल्द से जल्द विमानों का संचालन बहाल कराने का दावा कर रहा है।

पायलट ने ATC को रनवे की गड़बड़ी की दी सूचना

वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि मंगलवार दोपहर एक फ्लाइट के लैंड होने के बाद पायलट ने ATC को रनवे पर गड़बड़ी के बारे में बताया। इसके बाद एयरपोर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जो विमान वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंच चुके थे, उन्हें डायवर्ट किया गया। उन्होंने बताया कि, वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) पर रनवे के विस्तार का काम चल रहा है। ऐसे रात में रनवे बंद रहता है। सिर्फ दिन में ही विमानों का संचालन किया जाता है। रात में काम के दौरान ही कुछ सामान रनवे पर आ गया था। इसे हटाने और रनवे की सफाई का काम कराया जा रहा है।

निर्धारित समय पर नहीं हो पाई सफाई

एयरपोर्ट प्रशासन ने पहले दोपहर 3 बजे से उड़ानों का संचालन शुरू होने की बात कही थी, लेकिन निर्धारित समय तक सफाई पूरी नहीं हो सकी। इसके चलते 3 बजे के बाद भी विमानों की लैंडिंग शुरू नहीं हुई है। एयरपोर्ट प्रशासन की टीम रनवे को जल्द से जल्द साफ करने में जुटी है।

एयरपोर्ट पर परेशान दिखे यात्री

फ्लाइट्स डायवर्ट होने से एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री काफी परेशान नजर आए। लोग एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचकर उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेते रहे। वहीं, कई यात्री फोन पर एयरलाइन अधिकारियों और अपने घरवालों से संपर्क कर अपडेट लेते नजर आए।

देश का पहला रनवे अंडरपास

वाराणसी एयरपोर्ट के विस्तार का काम करीब 2,870 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है। इसके तहत नई और बड़ी टर्मिनल बिल्डिंग बनाई जा रही है। इससे एयरपोर्ट की यात्री क्षमता बढ़ेगी। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्रोजेक्ट के तहत मौजूदा 2,750 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 4,000 मीटर से ज्यादा किया जा रहा है। इससे बड़े विमानों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा एयरपोर्ट पर देश का पहला रनवे अंडरपास (टनल) भी बनाया जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।