वाराणसी में कैंसर मरीज ने अस्पताल के चौथी मंजिल से लगाई छलांग: एक दिन पहले हुआ था ऑपरेशन, मामले की छानबीन कर रही पुलिस

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार देर रात एक कैंसर मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची व घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मर्चरी में रखवा दिया है। मामला चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान का है।
मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोहजम्मा गांव के रहने वाले रामेश्वर कुमार (35) पुत्र नंदकिशोर के रूप में हुई है। वह पिछले कई दिनों से महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में भर्ती होकर कैंसर का इलाज करा रहा था। परिजनों ने बताया कि 1 माह पहले भर्ती हुआ था। एक दिन पहले ही रविवार को ऑपरेशन हुआ था। उसके बाद उसे अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित वार्ड में भर्ती कराया गया था।
चौथी मंजिल से लगाई छलांग
सोमवार देर रात करीब 12:50 बजे रामेश्वर कुमार अस्पताल के आईपीडी वार्ड नंबर-4 की चौथी मंजिल पर पहुंचा और वहां से नीचे छलांग लगा दी। गिरने की आवाज सुनकर अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मी घबरा गये। देखने के लिए उस तरफ भागे जिस तरफ रामेश्वर गिरा था, लेकिन जब तक पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवा दिया गया।
सभी पहलुओं से जांच जारी
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने कहा - मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अस्पताल प्रशासन, ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के कारण की की पुष्टि की जा सके।










