मेरठ में ननद ने की भाभी की हत्या: बोली- पति और भाभी के बीच चार साल से थे अवैध संबंध, परिजनों ने फर्श पर गिरने से मौत का किया दावा

जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपनी भाभी की हत्या कर दी। वहीं परिजनों ने बताया कि फर्श पर गिरने से उसकी मौत हो गई, लेकिन पछतावा होने पर आरोपी ननद खुद पुलिस के पास पहुंच गई और अपना जुर्म कबूला। पुलिस पूछताछ में आरोपी ननद ने दावा किया कि उसके पति और भाभी के बीच पिछले चार वर्षों से अवैध संबंध थे, जिससे वह मानसिक तनाव में थी। इसी वजह से उसने घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के दावों की जांच की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चाकू से किए सीने पर कई वार
आरोपी ननद ने पुलिस को बताया, मारने के बाद मुझे पछतावा हुआ, जिसके कारण मुझे रातभर नींद नहीं आई। मेरे पति और भाभी के बीच चार साल से संबंध थे। मैंने भाभी से पति का पीछा छोड़ने को कहा तो उसने जवाब दिया कि अपने पति को संभालो। इसी बात पर मुझे गुस्सा आ गया और चाकू से उसके सीने पर कई वार कर दिये। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने घटना को हादसा बताकर मामले को छिपाने की कोशिश की।
टेलर्स की दुकान चलाते है हाजी जाहिद
अहमदनगर गली नंबर-2 निवासी हाजी जाहिद शहर में एम्पायर टेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। करीब 40 साल से वह इस कारोबार से जुड़े हैं। उनके परिवार में दो बेटे शाहवेज और शाजेब, जबकि एक बेटी रिम्शा है। सुभाष बाजार स्थित पहली दुकान पर हाजी जाहिद खुद बैठते हैं, जबकि अहमदनगर स्थित दूसरी ब्रांच शाहवेज संभालता है। करीब छह साल पहले शाहवेज की शादी किदवई नगर निवासी 28 वर्षीय निदा उर्फ सोनी से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। वहीं, रिम्शा (25) की शादी अहमदनगर से करीब तीन किलोमीटर दूर करीमनगर निवासी ओवेश से हुई है, जो ऑनलाइन कपड़ों का कारोबार करता है।
आठ महीने पहले हुई थी ननद की शादी
पड़ोसियों के मुताबिक, कपड़ों के कारोबार की वजह से ओवेश का शाहवेज के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसकी निदा से नजदीकियां बढ़ीं। करीब आठ महीने पहले शाहवेज ने अपनी बहन रिम्शा की शादी ओवेश से करा दी। इसके बाद भी ओवेश और निदा के बीच बातचीत जारी रही, जिस पर रिम्शा कई बार आपत्ति जताती थी।
फर्श पर खून से लथफथ पड़ी थी भाभी
मृतका के परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पड़ोसी का फोन आया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में कोई अनहोनी हो गई है। सूचना मिलते ही मां, दोनों भाई और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। घर के अंदर निदा का शव फर्श पर पड़ा था और आसपास काफी खून फैला था। उसके हाथ, पैर और गले पर चोट के निशान थे। यह देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मायके पक्ष की तहरीर पर जांच शुरू की गई।
भाभी और पति की नजदीकियों से परेशान थी आरोपी
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि जांच और तकनीकी साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि मृतका की अपने ननदोई से बढ़ती नजदीकियों को लेकर रिम्शा नाराज थी। घटना वाले दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद रिम्शा ने रसोई से चाकू उठाकर निदा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।








