कानपुर में मां-बेटे के सिर के ऊपर से निकला ट्रक: दोनों की मौके पर हुई मौत, दीपदान कर लौट रहे थे घर

कानपुर|08 सितंबर 2026
दोनों की मौके पर हुई मौत, दीपदान कर लौट रहे थे घर

नानामऊ रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक का पहिया मां-बेटे के सिर के ऊपर से निकल गया। हादसा सोनामती महाविद्यालय के पास हुआ। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और ट्रक व चालक की तलाश शुरू कर दी।

कुदौरा गांव निवासी 45 वर्षीय सूरज गौतम मुंबई में निजी नौकरी करते थे। करीब 15 दिन पहले उनके पिता ओमप्रकाश गौतम का निधन हुआ था। पिता की मृत्यु के बाद सूरज गांव आए थे।वह अपनी 65 वर्षीय मां राजेश्वरी को स्कूटी पर बैठाकर नानामऊ गंगा घाट पहुंचे थे। दोनों वहां दीपदान की रस्म पूरी करने गए थे। उनके भाई जगत सिंह भी दूसरी बाइक से उनके साथ गए थे।

स्कूटी से लौट रहे थे घर

दीपदान के बाद सूरज मां को लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नानामऊ रोड पर सोनामती महाविद्यालय के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां-बेटे सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रक का पहिया दोनों के सिर के ऊपर से निकल गया। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मौके से फरार हुआ चालक

सूरज के पीछे बाइक से आ रहे भाई जगत सिंह ने हादसा अपनी आंखों से देखा। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इस बीच ट्रक चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। मां-बेटे के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

तलाश में जुटी पुलिस

इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हुई है। टक्कर मारने वाले ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में वाहन और चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।