महराजगंज में विकास कार्यों में देरी पर डीएम सख्त: 8 कॉन्ट्रेक्टरों को ब्लैकलिस्ट करने के दिए निर्देश, DPR और जियो टैगिंग में लाएं तेजी

जिले में विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार और लापरवाही पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। चौक नगर पंचायत में नगर निकायों के कामों की समीक्षा के दौरान उन्होंने अलग-अलग प्रोजेक्ट में देरी पर आठ कॉन्ट्रेक्टरों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। गुणवत्ता से समझौता और अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने सभी प्रोजेक्ट तय समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
सोनौली में सीवरेज जल निकासी योजना में देरी पर मेसर्स अहद और मेसर्स हरिनंदन के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पं. दीनदयाल नगर विकास योजना में मेसर्स आशुतोष दूबे को ब्लैकलिस्ट करने को कहा गया। आनंदनगर नगर पंचायत में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के रुके कार्यों के लिए मेसर्स जगदंबा और मेसर्स मां शारदा पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चौक में वंदन योजना के काम में देरी पर मेसर्स रामनिवास सिंह और मेसर्स धर्मेंद्र सिंह को भी ब्लैकलिस्ट करने को कहा गया।
एक हफ्ते में पूरी करनी होगी जियो टैगिंग
डीएम ने महराजगंज, सिसवा और चौक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के स्वीकृत कार्यों की मौके पर जांच के लिए जिलास्तरीय टीम गठित करने के निर्देश दिए। डीपीआर नहीं भेजे जाने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित निकायों को शुक्रवार तक रिपोर्ट भेजने को कहा। स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों की भी खंड शिक्षा अधिकारियों से जांच कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना में कम जियो टैगिंग पर डीएम ने एक सप्ताह में 100 फीसदी जियो टैगिंग पूरी करने को कहा। पीएम स्वनिधि योजना में कर्ज आवेदनों और वितरण की रफ्तार बढ़ाने के साथ लंबित आवेदन जल्द निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार, सभी ईओ, पीओ डूडा और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










