लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग का तांडव: 14 छात्रों की मौत, जान बचाने को खिड़कियों से कूदे बच्चे

लखनऊ|1 घंटा पहले
14 छात्रों की मौत, जान बचाने को खिड़कियों से कूदे बच्चे

राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। अलीगंज क्षेत्र स्थित एक दो मंजिला इमारत में दोपहर करीब 2:15 बजे अचानक आग लग गई। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की सूचना है। इनमें अधिकांश छात्र बताए जा रहे हैं। वहीं करीब पांच अन्य छात्रों के अब भी इमारत में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जान बचाने के लिए कई छात्रों ने ऊपरी मंजिलों से नीचे छलांग लगा दी।

जानकारी के अनुसार, इमारत की दूसरी मंजिल पर संचालित कोचिंग सेंटर में आग फैलने के बाद कई छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। इसी बीच एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी। लेकिन वह नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धुएं के घने गुबार ने कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

युद्धस्तर पर चला राहत एवं बचाव अभियान

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घने धुएं और ऊपरी मंजिल तक पहुंचने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने इमारत की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसी रास्ते से फंसे लोगों को निकालने और बॉडी को बाहर लाने का अभियान चलाया गया। राहत कार्य के लिए करीब 14 एम्बुलेंस भी तैनात की गईं। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।

हाई अलर्ट पर प्रशासन

घटना के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण, जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर, एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन समेत कई सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि फायर कर्मियों ने पहली मंजिल की एक दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया है। धुएं की अधिकता के बावजूद हर कमरे की गहन तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना है। मेडिकल टीमों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर मौके पर ही प्राथमिक इलाज की व्यवस्था की गई है।

अलीगढ़ दौरा छोड़ लखनऊ आ रहे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। अलीगढ़ दौरे पर मौजूद मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही अपना कार्यक्रम संक्षिप्त कर लखनऊ लौटने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इस घटना में बच्चों के प्रभावित होने की सूचना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रमुख सचिव गृह को मामले की जांच के निर्देश भी दिए हैं।

चश्मदीदों ने बयां किया भयावह मंजर

स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगते ही इमारत के भीतर फंसे छात्र घबराकर खिड़कियों और बालकनी की ओर दौड़ पड़े। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगाई। घटना से जुड़े कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एहतियातन आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए यातायात को भी डायवर्ट कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। राहत अभियान देर शाम तक जारी रहा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।