अखिलेश ने रिपोर्ट के हवाले से उठाए सवाल: चुनाव आयोग में 14 बार गड़बड़ी का दावा, मतदाता सूची से जुड़े फैसलों पर आपत्ति

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेद को लेकर एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 महीनों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आयोग के फैसलों और आदेशों पर 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। यह रिपोर्ट जांच पर आधारित है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों चुनाव आयुक्तों की आपत्तियां नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटाने और बहाल करने तथा चुनावी डेटाबेस तक पहुंच से जुड़े मामलों पर थीं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दोनों ने कुछ फैसलों और आदेशों को अपनी जानकारी के बिना लिए जाने पर सवाल उठाए। इन आपत्तियों में चुनावी डेटा की निगरानी और तकनीकी व्यवस्था से जुड़े मुद्दे भी शामिल थे।
अखिलेश बोले- लोकतंत्र के लिए गंभीर स्थिति
अखिलेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर रिपोर्ट की क्लिप साझा करते हुए कहा कि अगर किसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के सदस्यों को न्यायपूर्ण तरीके से काम करने की स्वतंत्रता नहीं है या उनकी बात नहीं सुनी जाती, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर स्थिति है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से मामले पर स्वत: संज्ञान लेने की मांग भी की। हालांकि, चुनाव आयोग के सूत्रों ने रिपोर्ट में बताए गए मतभेद के बीच कहा है कि एसआईआर समेत आयोग के फैसलों को तीनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी थी और निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।










