यूपी में भारत टैक्सी और कृषक समृद्धि को मिली हरी झंडी: 6% ब्याज दर पर मिलेगा लोन, 5 लाख का मिलेगा इंश्योरेंस कवरेज

यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की। इसके तहत छोटे एवं सीमांत किसानों को छह प्रतिशत की ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण मिलेगा। देश के पहले सहकारिता आधारित प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी का परिचालन सहकार टैक्सी सहकारिता लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। भारत टैक्सी पहले से ही लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में चल रही है।
लखनऊ में एक कार्यक्रम में इस पहल को ड्राइवरों को सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान उपलब्ध कराने वाला साधन बताते हुए योगी ने कहा कि अभी तक उनके लिए कोई सुरक्षा नहीं थी। उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया और गरीब व्यक्ति की गरिमा का भी ध्यान नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि इस सेवा के तहत भारत टैक्सी में शामिल ड्राइवरों को कमीशन नहीं देना पड़ेगा। उन्हें पांच लाख रुपये तक का सामाजिक सुरक्षा कवरेज मिलेगा।
भारत टैक्सी का ब्रांड लगाने पर ड्राइवरों को होगा गर्व
आदित्यनाथ ने कहा कि पहली बार भारत टैक्सी के जरिए जब ड्राइवर अपने वाहन पर भारत टैक्सी ब्रांड लगाएगा तो वह गर्व महसूस करेगा कि यह टैक्सी केवल यात्रियों को ले जाने के लिए नहीं बल्कि यह पूरे देश की टैक्सी है। उन्होंने कहा कि इस सेवा के लिए लखनऊ हवाईअड्डा, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किया गया है।
लाखों युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगा भारत टैक्सी
इस पहल का विस्तार करने का आह्वान करते हुए सीएम ने कहा कि भारत टैक्सी लाखों युवाओं के लिए रोजगार पैदा भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि हम भारत टैक्सी का सर्वोत्तम उपयोग कर सकते हैं। प्रस्तावित ग्रामीण बस सेवा को भी इसी तर्ज पर विकसित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्रामीण विकास बैंक के जरिए दीर्घकालीन ऋण महज छह प्रतिशत ब्याज दर पर दिया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य आने वाले वर्षों में पांच लाख छोटे एवं सीमांत किसानों को ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।










