IIT जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट जारी: बिहार के शुभम कुमार ने किया टॉप, 1.79 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षा का आयोजन करने वाले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने निर्धारित समय से पहले ही परिणाम जारी कर दिए। इसमें बिहार के शुभम कुमार टॉपर रहे। शुभम को कुल 330 अंक प्राप्त हुए हैं। दूसरे नंबर पर दिल्ली के कबीर छिल्लर और तीसरे नंबर पर झुंझुनूं (राजस्थान) के जतिन चाहर रहे। टॉप-10 में रहे 6 स्टूडेंट्स ने राजस्थान के कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई की।
जेईई एडवांस्ड देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में प्रवेश का प्रमुख माध्यम माना जाता है। परिणाम जारी होने के बाद देशभर के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना स्कोरकार्ड और रैंक देख सकते हैं।
31.65 प्रतिशत हुए सफल
आईआईटी रुड़की द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए कुल 1,87,389 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,79,694 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा परिणाम में कुल 56,880 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। जो अब संयुक्त सीट आवंटन प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे। इस प्रकार परीक्षा में शामिल होने वाले कुल विद्यार्थियों में लगभग 31.65 प्रतिशत उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस वर्ष परीक्षा का स्तर प्रतिस्पर्धात्मक होने के बावजूद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। परिणामों से यह भी स्पष्ट हुआ है कि देशभर में इंजीनियरिंग शिक्षा को लेकर विद्यार्थियों की रुचि लगातार बढ़ रही है।
कट-ऑफ में दर्ज हुई उल्लेखनीय बढ़ोतरी
इस वर्ष जेईई एडवांस्ड की कट-ऑफ में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। सामान्य वर्ग के लिए कुल कट-ऑफ 92 अंक निर्धारित की गई है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 18 अंक अधिक है। वहीं विषयवार कट-ऑफ में भी सामान्य वर्ग के लिए लगभग आठ अंकों की बढ़ोतरी देखने को मिली है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर प्रदर्शन और प्रतिस्पर्धा बढ़ने के कारण कट-ऑफ में यह वृद्धि दर्ज की गई है। कट-ऑफ बढ़ने का सीधा प्रभाव काउंसलिंग प्रक्रिया और विभिन्न आईआईटी संस्थानों में सीट आवंटन पर भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में सफल उम्मीदवारों के बीच पसंदीदा शाखाओं और संस्थानों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है।
ऐसे डाउनलोड करें अपना स्कोरकार्ड
रिजल्ट देखने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले जेईई एडवांस्ड की आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध रिजल्ट लिंक पर क्लिक कर अपना रोल नंबर अथवा मोबाइल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। लॉग-इन के बाद उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं। भविष्य की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को स्कोरकार्ड का प्रिंट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही अब अभ्यर्थियों की निगाहें आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया और देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में प्रवेश पर टिकी हैं। सफल उम्मीदवार जल्द ही अपनी रैंक और पसंद के आधार पर विभिन्न इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।








