गोरखपुर में फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी बनाकर ठगी: महिला गिरफ्तार, म्यूल खातों से निकाली रकम

गोरखपुर|
महिला गिरफ्तार, म्यूल खातों से निकाली रकम

जिले की पुलिस ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी की आड़ में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत सहजनवा पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले का मुख्य आरोपी उसका पति अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार महिला की पहचान सहजनवा थाना क्षेत्र के पाली निवासी मनीषा प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मनीषा अपने पति श्याम कुमार प्रजापति के साथ मिलकर लोगों के नाम पर म्यूल बैंक खाते खुलवाती थी। साइबर ठगी से हासिल रकम इन्हीं खातों में मंगाई जाती थी। बाद में विभिन्न माध्यमों से निकाल ली जाती थी। पुलिस ने महिला को उसके घर से गिरफ्तार किया।

ऑपरेशन साइबर वज्र में हुआ खुलासा

साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन साइबर वज्र' के दौरान साइबर नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक वैभव मिश्रा ने म्यूल खातों की जांच की। जांच में सामने आया कि श्याम कुमार प्रजापति, मनीषा और उनके अन्य सहयोगियों ने फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी बनाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया। ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों के जरिए निकालकर नेटवर्क संचालित किया जाता था।

कई राज्यों में दर्ज हैं केस

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी कंपनी के बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 21 एनसीआरपी शिकायतें दर्ज हैं। इसके अलावा चार राज्यों में कंपनी के खिलाफ आपराधिक केस भी दर्ज पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर सहजनवा थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मनीषा प्रजापति के खिलाफ पहले से धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, मुख्य आरोपी श्याम कुमार प्रजापति भी कई मामलों में वांछित है और उसके खिलाफ पहले से विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

लैपटॉप और मोबाइल बरामद

सीओ गीडा के.एन. आनंद ने बताया कि महिला के कब्जे से एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।