गोरखपुर में तेज रफ्तार ऑटो ने मारी टक्कर: दो साल के मासूम की मौत, गंभीर रूप से घायल चार माह की बच्ची

उरुवा थाना क्षेत्र के पिपरा पाण्डेय गांव में गुरूवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार बेकाबू ऑटो ने सड़क किनारे खड़े परिवार को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में दो साल के मासूम देवांश की मौत हो गई, जबकि चार महीने की बच्ची तृषा का हाथ टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
ऑटो की चपेट में आने से परिवार के साथ खड़ा एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है। हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर सिकरीगंज की ओर फरार हो गया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को उरुवा पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।
छुट्टी लेकर घर आये थे देवांश के पिता
पिपरा पाण्डेय निवासी विनय पाण्डेय नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। वह दो दिन पहले ही घर आए थे और गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अपनी पत्नी श्वेता को डॉक्टर से दिखाने शहर ले जाने के लिए सड़क किनारे गाड़ी में बैठने की तैयारी कर रहे थे। उनके साथ उनका दो साल का बेटा देवांश और विनय की बहन पुनीता अपनी चार महीने की बेटी तृषा के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान उरुवा की तरफ से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार ऑटो ने अनियंत्रित होकर पूरे परिवार को कुचल दिया। जिसमें देवांश की मौत हो गई।
इलाज के लिए शहर जा रहा था परिवार
देवांश की दादी ने बताया कि उनकी बहू का करीब डेढ़ महीने पहले ऑपरेशन हुआ था। कुछ दिन से उसके टांके में दिक्कत थी। उसे इलाज के लिए शहर ले जाने की तैयारी थी। उन्होंने बताया कि घर के बाहर सड़क किनारे सभी लोग खड़े थे और कार में बैठने वाले थे, तभी तेज रफ्तार ऑटो अचानक सड़क से किनारे आ गया और बच्चों को कुचलते हुए निकल गया।
तीर्थ यात्रा पर जाने वाले थे दादा-दादी
ग्रामीणों के अनुसार, देवांश के दादा सागर पांडेय और दादी तारा पांडेय रविवार को तीर्थ यात्रा पर जाने वाले थे। उनकी विदाई के लिए घर में रिश्तेदार आए हुए थे। इसी वजह से विनय भी नोएडा से छुट्टी लेकर घर आए थे। दादी तारा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ हैं।
चालक की तालाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही उरुवा थाना पुलिस के प्रभारी श्यामदेव चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देवांश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर सिकरीगंज की तरफ फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चालक की तालाश कर रही हैं।










