शहर के प्रवेश मार्ग की बदलेगी तस्वीर: नौसढ़ से कालेसर तक होगा सौंदर्यीकरण, जीरो प्वाइंट से शुरू होगा अभियान

गोरखपुर|1 घंटा पहले
नौसढ़ से कालेसर तक होगा सौंदर्यीकरण, जीरो प्वाइंट से शुरू होगा अभियान

अयोध्या-गोरखपुर मार्ग से शहर में प्रवेश करने वाले रास्ते को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण को नौसढ़ से कालेसर तक बने बांध और जीरो प्वाइंट के सुंदरीकरण की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही संबंधित विभागों को विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में गीडा, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, नगर निगम और उद्यमियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि अयोध्या की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए कालेसर जीरो प्वाइंट शहर का पहला प्रवेश स्थल है। यहां पहले सुंदरीकरण कराया गया था। लेकिन वर्तमान में क्षेत्र अव्यवस्थित नजर आता है। इसे देखते हुए मंडलायुक्त ने सबसे पहले जीरो प्वाइंट के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके लिए तैयार कार्ययोजना को भी मंजूरी प्रदान कर दी गई।

नौसढ़ से कालेसर तक बांध को मिलेगा नया स्वरूप

बैठक में नौसढ़ से कालेसर तक बने बांध के सुंदरीकरण की जिम्मेदारी भी गीडा को सौंपने का निर्णय लिया गया। इससे पहले शहर के कुछ हिस्से में उत्तर प्रदेश निर्माण निगम लिमिटेड के माध्यम से नगर निगम ने सौंदर्यीकरण का कार्य कराया था। अब आगे का पूरा कार्य गीडा कराएगा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बैठक में स्पष्ट किया कि इस कार्य को लेकर विभाग की ओर से कोई आपत्ति नहीं है।

सड़क सुधार और सफाई कार्यों को भी मिलेगी रफ्तार

बैठक में तेनुआ टोल प्लाजा के आसपास उगी झाड़ियों और फैली गंदगी की सफाई राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कराए जाने की जानकारी दी गई। वहीं, गोरखपुर से खजनी और पिपरौली मार्ग के गीडा क्षेत्र में आने वाले हिस्से का सुदृढ़ीकरण, मरम्मत और चौड़ीकरण भी गीडा के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को संबंधित सड़क जल्द गीडा को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद उद्यमियों ने भी शहर के प्रवेश मार्ग और औद्योगिक क्षेत्र के विकास को लेकर अपने सुझाव रखे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।