गोरखपुर में युवती ने लगाया रेप का आरोप: बहला-फुसलाकर होटल ले गया आरोपी, केस दर्ज

सहजनवा क्षेत्र में एक युवती को खाना खिलाने का झांसा देकर होटल ले जाने और उसके साथ रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी विजय प्रताप शुक्ला के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। इसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पीड़िता के पिता द्वारा सहजनवा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार आरोपी विजय प्रताप शुक्ला और युवती एक ही गांव के रहने वाले हैं। बताया गया है कि आरोपी युवती को पसंद करता था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। हालांकि युवती को आरोपी की मंशा का आभास नहीं था। आरोप है कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर सहजनवा बुलाया। इसके बाद गीडा क्षेत्र के सेक्टर-22 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के एक होटल में ले गया। वहीं उसने युवती के साथ रेप किया। विरोध करने पर आरोपी उसे होटल में छोड़कर फरार हो गया।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई आपबीती
घटना के बाद युवती किसी तरह अपने घर पहुंची। वह मानसिक रूप से पूरी तरह सहमी हुई थी और लगातार रो रही थी। उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए और बार-बार घटना के बारे में पूछते रहे। काफी देर तक चुप रहने के बाद मां के समझाने पर युवती ने पूरी आपबीती बताई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार स्तब्ध रह गया। पीड़िता को संभालने के बाद उसके पिता ने सहजनवा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सहजनवा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी विजय प्रताप शुक्ला के विरुद्ध रेप का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









