गोरखपुर में पुरानी रंजिश में मर्डर: युवक की सब्बल से मारकर हत्या, माता-पिता पर भी जानलेवा हमला

हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के भेउसा गांव में पुरानी रंजिश ने गुरुवार को खूनी रूप ले लिया। पट्टीदारी विवाद में एक युवक की सब्बल और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता को भी हमलावरों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय रामसेवक चौहान के रूप में हुई है। वह खेत से पानी चलाकर देर रात घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। परिजनों के मुताबिक, हमलावरों ने लोहे की रॉड, सब्बल और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे रामसेवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। सिर और पेट में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई। चीख-पुकार सुनकर जब वह अपनी पत्नी चंद्रावती के साथ मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
खेत से लौटते वक्त घेरकर किया हमला
मृतक के पिता रमाकांत चौहान, जो हरपुर बुदहट थाने में चौकीदार हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि परिवार का अपने पट्टीदारों से लंबे समय से जमीन और घरेलू विवाद चल रहा था। करीब तीन महीने पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसका केस थाने में दर्ज कराया गया था। उसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उनके बेटे को निशाना बनाया।
अस्पतालों के चक्कर में चली गई जान
घटना के बाद परिजन एंबुलेंस की मदद से रामसेवक को इलाज के लिए पहले एम्स लेकर पहुंचे। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से भी हालत गंभीर बताते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद रामसेवक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि समय पर इलाज मिल जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना में घायल माता-पिता का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न पैदा हो।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हरपुर बुदहट पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर रंजीत, आलोक और शिवचरन के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। गांव के लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था और आए दिन विवाद की स्थिति पैदा होती रहती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








