बेंगलुरु एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा: एअर इंडिया की फ्लाइट रनवे से टकराई, 181 यात्री और क्रू सेफ

एयर इंडिया की दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट AI2651 गुरुवार को केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार होते-होते बच गई। विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिसे एविएशन भाषा में ‘टेल स्ट्राइक’ कहा जाता है। हालांकि पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के चलते विमान को सुरक्षित उतार लिया गया और सभी 181 यात्री तथा क्रू सदस्य सुरक्षित बच गए। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट लैंडिंग के अंतिम चरण में थी तभी वह ‘वेक टर्बुलेंस’ की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि पास से गुजर रहे एक बड़े वाइड-बॉडी विमान के कारण हवा का दबाव अचानक बदल गया, जिससे विमान का संतुलन बिगड़ गया। पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल ‘गो-अराउंड’ प्रक्रिया अपनाई, जिसके तहत विमान को दोबारा हवा में ले जाया जाता है। इसी दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया और उसमें स्क्रैच आ गया।
DGCA ने शुरू की जांच
घटना के बाद विमान को तत्काल ग्राउंड कर दिया गया है और उसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी है। शुरुआती जांच में पायलट की सतर्कता को हादसा टालने का बड़ा कारण माना जा रहा है। हालांकि सुरक्षा मानकों के तहत पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जाएगी।
वापसी फ्लाइट रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
हादसे के बाद बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी फ्लाइट AI2652 को रद्द कर दिया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयर इंडिया की ओर से प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट पर एयरलाइन की ग्राउंड टीम लगातार यात्रियों की सहायता में जुटी रही। एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि ‘टेल स्ट्राइक’ जैसी घटनाएं बेहद संवेदनशील मानी जाती हैं, क्योंकि इससे विमान के पिछले हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि समय रहते पायलट के निर्णय और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








