मुंबई में IIT छात्र की मौत की जांच करेगी क्राइम ब्रांच: छुट्टी पर भेजे गए प्रोफेसर डूला, हॉस्टल में मिला था शव

आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की मौत की जांच के बीच प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को छुट्टी पर भेज दिया गया है। संस्थान ने यह कदम मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उठाया है। डूला को सोमवार को ही प्रशासनिक मामलों के डीन पद से हटा दिया गया था। अब जांच पूरी होने तक वह छुट्टी पर रहेंगे। फिलहाल उनकी कक्षाएं भी संचालित नहीं हो रही हैं।
ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के बीटेक द्वितीय वर्ष के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे को 18 सितंबर की शाम पवई परिसर स्थित हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था। यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के जरिए चैटजीपीटी इस्तेमाल करने के लिए पकड़े जाने के कुछ घंटे बाद हुई थी। मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जातिगत भेदभाव के आरोप में केस दर्ज है। आरोपों की जांच जारी है।
मां ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
वाकोडे की मां ने दावा किया कि उनके बेटे ने उन्हें जाति के आधार पर प्रताड़ित और अपमानित किए जाने की बात बताई थी। छात्र के माता-पिता ने आईआईटी मुंबई के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे और डूला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, संस्थान ने पहले के अपने बयान पर माफी मांगते हुए कहा था कि छात्र की मौत से पहले की परिस्थितियां जांच का विषय हैं।










