रविवार को भी खुलेंगे बैंक: देशभर में तीन दिन तक रहेगी हड़ताल, RBI ने बैंक खोलने के दिए निर्देश

नई दिल्ली|
देशभर में तीन दिन तक रहेगी हड़ताल, RBI ने बैंक खोलने के दिए निर्देश

देशभर में प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले सरकार ने रविवार को बैंकिंग सेवाएं जारी रखने का फैसला किया है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों और एटीएम-लिंक शाखाओं समेत संबंधित बैंकिंग सेवाएं चालू रखने की मंजूरी दी है। यह व्यवस्था यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए की गई है। हड़ताल से पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकते थे।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि आम लोगों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों पर लंबे समय तक असर न पड़े, इसके लिए सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर, रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे। आरबीआई ने इस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है। सरकार के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग सेवाओं में किसी तरह की परेशानी से बचाना है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल टालने की अपील भी की है।

5-डे वर्किंग की मांग पर अड़े बैंक कर्मचारी

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने कहा था कि वह फिलहाल हड़ताल वापस लेने के मूड में नहीं है। यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। 22 सितंबर को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और वित्त मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज के साथ हुई सुलह वार्ता बेनतीजा रहने के बाद हड़ताल का फैसला जारी रखा गया। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन काम यानी 5-डे वर्किंग लागू करने की है। उनका कहना है कि मार्च 2024 के बाइलेटरल वेज रिवीजन एग्रीमेंट में इस व्यवस्था पर सहमति और हस्ताक्षर हो चुके हैं, लेकिन सरकार ने इसे अभी लागू नहीं किया है। इससे पहले यूनियनों ने 11 सितंबर को एक दिन की हड़ताल की थी। मांगें पूरी नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।