झारखंड में करम डाल विसर्जन के दौरान हुआ हादसा: नदी में डूबे पांच लोगों की हुई मौत, बच्चे को बचाने उतरे थे चार लोग

झारखंड के पलामू जिले में करम पर्व के समापन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकया गांव में बुधवार को करम वृक्ष की पूजा की गई डाल के विसर्जन के दौरान पांच लोग कोयल नदी में डूब गए। इनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी में तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक सभी पांचों के शव बरामद कर लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि विसर्जन के दौरान आठ वर्षीय हेमंत कुमार सिंह नदी के गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए चार लोग नदी में कूदे, लेकिन वे भी पानी की गहराई में फंस गए। देखते ही देखते पांचों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
करम पर्व की डाल के विसर्जन से होता है समापन
झारखंड में सरहुल के बाद करम प्रमुख आदिवासी पर्वों में शामिल है। इस वर्ष करम पर्व मंगलवार को मनाया गया था। पूजा के दौरान करम वृक्ष की डाल स्थापित की जाती है। पर्व के समापन पर इस डाल का विसर्जन किया जाता है। हादसे में अमित कुमार ठाकुर (22), नितीश कुमार सिंह (18), विशाल पासवान (16), राजा सिंह (12) और हेमंत कुमार सिंह (8) की मौत हुई है।










