संतकबीरनगर में रेलवे लाइन के गड्ढे में डूबे दो मासूम: परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, विधायक ने दिए FIR के निर्देश

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, विधायक ने दिए FIR के निर्देश

मेंहदावल थाना क्षेत्र में नई रेलवे लाइन निर्माण के दौरान खोदे गए पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

मेंहदावल थाना क्षेत्र के कुसौना खुर्द गांव में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी प्रभास पुत्र परविंदर और कुनाल पुत्र विष्णु रेलवे लाइन निर्माण के लिए बनाए गए बांध के पास खोदे गए गहरे गड्ढे के समीप पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चे वहां शौच करने या खेलने गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। हादसे के समय उनके साथ मौजूद एक अन्य किशोर ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक कुनाल अपने नाना मुराली के घर कुसौना खुर्द आया हुआ था। उसका मूल निवास धर्म सिंहवा थाना क्षेत्र के महुई गांव में है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सर्वदमन सिंह, तहसीलदार अल्पिता वर्मा और स्थानीय विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे। विधायक ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है और चेतावनी संबंधी बोर्ड नहीं लगाए गए थे, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीओ को निर्देश दिए कि जांच में ठेकेदार की लापरवाही सामने आने पर उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।