गोरखपुर में पिस्टल दिखाकर युवती का बनाया वीडियो: ब्लॉक करने पर सोशल मीडिया पर किया वायरल, दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

जिले में बीए द्वितीय वर्ष की एक छात्रा को पिस्टल दिखाकर अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने करीब एक वर्ष तक पीड़िता से यूपीआई के जरिए लगभग 30 हजार रुपये वसूल लिए। जब छात्रा ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया तो कथित तौर पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीपीगंज थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता पीपीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है और गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। आरोप है कि खोराबार थाना क्षेत्र के सूबा बाजार निवासी विनोद यादव उर्फ विनय यादव अपने रिश्तेदारों के यहां अक्सर पीपीगंज आता-जाता था। इसी दौरान उसकी पहचान छात्रा के परिवार से हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 10 जनवरी को परिवार के लोग खेत पर गए हुए थे और वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
ब्लैकमेल कर वसूले 30 हजार
शिकायत के अनुसार आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब एक वर्ष तक छात्रा को ब्लैकमेल किया। इस दौरान उसने यूपीआई के माध्यम से चार-पांच किस्तों में लगभग 30 हजार रुपये वसूल लिए। जब पीड़िता के पास पैसे खत्म हो गए तो उसने अपना सिम कार्ड बंद कर दिया और आरोपी का नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
आरोप है कि इसके बाद एक जुलाई को आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसकी जानकारी परिचितों के माध्यम से परिवार तक पहुंची, जिसके बाद छात्रा ने पीपीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विनोद उर्फ विनय यादव और मुकेश यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









