गोरखपुर में जमीन विवाद में किराना कारोबारी की हत्या: आरोपी ने चाकू से सीने और पेट पर किया वार, ट्रैक्टर खड़ा करने पर हुआ विवाद

उत्तरप्रदेश|14 घंटे पहले
आरोपी ने चाकू से सीने और पेट पर किया वार, ट्रैक्टर खड़ा करने पर हुआ विवाद

गुलरिहा थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव में जमीन को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया। ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के दौरान पड़ोसी ने किराना दुकानदार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सीने और पेट पर करीब 10 वार किए जाने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गिरमिट चौराहा निवासी 56 वर्षीय अमरनाथ गुप्ता किराना दुकान चलाते थे। परिवार में पत्नी, बेटा ऋषिकेश तथा माता-पिता हैं। उनके घर से सटी जमीन को लेकर पड़ोसी अवधेश चौहान उर्फ गब्बर चौहान से पिछले करीब पांच वर्षों से विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष इस जमीन पर अपना दावा कर रहे थे और मामला कोर्ट में विचाराधीन है। अमरनाथ ने विवादित जमीन के सामने ट्रैक्टर खड़ा किया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

परिवार में मचा कोहराम

जानकारी के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अवधेश चौहान उर्फ गब्बर ने चाकू निकालकर अमरनाथ गुप्ता पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने सीने और पेट पर करीब 10 बार वार किए। गंभीर रूप से घायल अमरनाथ मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही एसपी सिटी निमिष पाटिल और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के बेटे ऋषिकेश गुप्ता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी गब्बर चौहान के साथ चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

10 नामजद और 6-7 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

मृतक के बेटे ऋषिकेश गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी गब्बर चौहान समेत 10 नामजद और 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।