देवरिया में पेट्रोल डालकर घर जलाने का आरोप: शारीरिक संबंध बनाने का युवती पर बना रहा था दबाव, लाखों का सामान जलकर राख

मईल थाना क्षेत्र में एक युवती से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव असफल होने पर उसके घर में आग लगाने का आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार का दावा है कि इस घटना में सात से आठ लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मईल थाना क्षेत्र के करौता गांव निवासी परिवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही एक युवक उनकी 20 वर्षीय बेटी पर लंबे समय से गलत नीयत रखता था। आरोप है कि वह युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। युवती ने उसका विरोध किया और परिवार को पूरी बात बताने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि इसी रंजिश में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
तहरीर के अनुसार, सात जुलाई की रात करीब 12 बजे आरोपी घर पहुंचा और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। कुछ ही देर में पूरा मकान आग की लपटों से घिर गया। परिवार ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में घर में रखा गेहूं, चावल, कपड़े, सिलाई मशीन, फर्नीचर, सोने-चांदी के आभूषण, करीब 10 हजार रुपये नकद और बच्चों की कॉपी-किताबें समेत लगभग सात से आठ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











