देवरिया में विदेश भेजने के नाम पर ठगी: 14 लोगों से हड़पे 19.82 लाख रुपये, वीजा-टिकट निकले जाली

जिले में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 14 लोगों से 19.82 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि नोएडा सेक्टर-4 की स्टार ट्रैवल मैनपावर सर्विसेज ने उन्हें अजरबैजान और सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। कंपनी ने नौकरी के लिए रकम और पासपोर्ट लेने के बाद वीजा, हवाई टिकट और एग्रीमेंट उपलब्ध कराए। तय तारीख पर जब सभी लोग एयरपोर्ट पहुंचे तो टिकट कैंसिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद पीड़ित नोएडा स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा था। आसपास के लोगों ने बताया कि कार्यालय कई दिनों से बंद है। सदर कोतवाली पुलिस ने कंपनी के अज्ञात संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अबूबकर नगर निवासी जफर कयूम अंसारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने फेसबुक पर स्टार ट्रैवल मैनपावर सर्विसेज का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर विदेश में अलग-अलग पदों पर नौकरी और बेहतर वेतन का भरोसा दिया गया। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने जफर और उनके 13 परिचितों से पासपोर्ट, आधार कार्ड और नौकरी के नाम पर रकम मांगी।
13.53 लाख रुपये दिए नकद
जफर के मुताबिक, उनकी पत्नी नूरजहां के एसबीआई खाते से अलग-अलग तारीखों में कंपनी की ओर से बताए गए खातों में 3.78 लाख रुपये भेजे गए। उनके परिचित आमिर ने भी ऑनलाइन 2.51 लाख रुपये दिए। इस तरह बैंक खातों के जरिए कुल 6.29 लाख रुपये का भुगतान हुआ। इसके अलावा 13.53 लाख रुपये नकद दिए गए। फरवरी 2026 में सभी लोग नोएडा स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे थे। वहां नकदी के साथ पासपोर्ट भी जमा किए गए। आरोप है कि कुल 19.82 लाख रुपये लेने के बाद कंपनी ने उन्हें वीजा, टिकट और एग्रीमेंट दिए।
बंद मिला कार्यालय
पीड़ितों का कहना है कि तय समय पर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें टिकट कैंसिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद वे कंपनी के नोएडा कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा था। कोतवाल शशि शेखर राय ने बताया कि मामले में कंपनी के अज्ञात संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार पाल को दी गई है।










