देवरिया में बच्ची से दरिंदगी: चॉकलेट का झांसा देकर किया रेप, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोप गांव के ही 16 वर्षीय किशोर पर है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सुनील कुमार सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के मुताबिक, किशोर अपने घर के दरवाजे पर मौजूद था। इसी दौरान पड़ोस की बच्ची खेलते हुए वहां पहुंच गई। आरोप है कि किशोर ने उसे चॉकलेट देने का लालच दिया और पास की झोपड़ी में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ रेप किया। इसी दौरान बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीरामपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और बच्ची के परिजनों से जानकारी ली। एएसपी सुनील कुमार सिंह ने भी मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










