गोरखपुर में असलहा तस्कर गिरफ्तार: 25 हजार में खरीदी थी ऑटोमैटिक पिस्टल, पांच आरोपी पहले ही जेल में

शहर में अवैध असलहा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई में कैंट पुलिस ने करन सोनकर को अरेस्ट किया है। उसके पास से .32 बोर की एक ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद हुई। मामले में फरार चल रहे बांसगांव के उनौला खास निवासी प्रमोद यादव और खोराबार के मिर्जापुर निवासी राजू यादव ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद करने की तैयारी में है।
पुलिस के अनुसार, गोरखनाथ क्षेत्र के कोरी टोला, धर्मशाला बाजार निवासी करन सोनकर से पूछताछ की गई। उसने बताया कि उसने श्रेयांश यादव से 25 हजार रुपये में पिस्टल खरीदी थी। 14 सितंबर को एसटीएफ ने कैंट क्षेत्र के विंध्यवासिनी पार्क के पास श्रेयांश यादव उर्फ बबलू समेत पांच असलहा तस्करों को पकड़ा था। श्रेयांश पर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह से जुड़े होने का आरोप है। उस कार्रवाई में चार पिस्टल, चार मैगजीन, एक .32 बोर रिवॉल्वर और कारतूस बरामद हुए थे।
31 आरोपियों पर दर्ज है मुकदमा
पूछताछ में असलहा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी सामने आई थी। एसटीएफ निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने मामले में 31 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
जेल में दर्ज होंगे दोनों के बयान
पुलिस के मुताबिक प्रमोद यादव और राजू यादव ने कोर्ट में सरेंडर किया था। विवेचक सोमवार को जिला कारागार जाकर दोनों के बयान दर्ज करेंगे। इसके बाद न्यायालय से रिमांड लेकर उनकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद करने की कार्रवाई होगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि दोनों ने असलहा किससे और कितने रुपये में खरीदा था और नेटवर्क में उनकी क्या भूमिका थी।










