गोरखपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर घुसी कार: यात्रियों में मची भगदड़, आरपीएफ ने सीज किया वाहन

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर एक कार के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंच जाने से यात्रियों में भगदड़ मच गई। बारिश से बचाने के लिए कार में सवार यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर उतारने के प्रयास में चालक गाड़ी को प्लेटफॉर्म के बीच तक ले गया। अचानक प्लेटफॉर्म पर कार देखकर वहां मौजूद यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में ले लिया। मामले में आरपीएफ पोस्ट गोरखपुर ने चालक जितेंद्र कुमार दुबे के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरपीएफ के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर-1, यूवीएसएस और आठ नंबर यार्ड में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल जंग बहादुर सिंह ने कार के प्लेटफॉर्म पर आने की सूचना दी। कार चालक के जरिए प्लेटफॉर्म के बीच तक पहुंचाई गई थी। कार कॉफी की दुकान के पास तक पहुंच गई। प्लेटफॉर्म पर अचानक वाहन देखकर यात्रियों में भगदड़ मच गई। आरपीएफ के मुताबिक, इससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया।
बारिश से बचाने के लिए यात्रियों को उतारने का दावा
सूचना पर सहायक उप निरीक्षक शत्रुघ्न पाल क्यूआरटी टीम के कांस्टेबल विष्णु कुमार और कांस्टेबल योगेंद्र कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति ने खुद को कार चालक बताया। उसने अधिकारियों को बताया कि बारिश हो रही थी। इसी वजह से कार में बैठे यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर उतारने के लिए वह गाड़ी को वहां तक ले आया था। आरपीएफ पोस्ट पर भी चालक ने यही बात दोहराई। अधिकारियों ने उसे रेलवे अधिनियम के प्रावधान और संबंधित अपराध की जानकारी दी।
धक्का देकर पार्सल ऑफिस तक पहुंचाई कार
आरपीएफ टीम ने मौके पर कार की जांच की और उसका वीडियो भी बनाया। जांच के दौरान चालक की बगल वाली सीट की खिड़की का शीशा खुला मिला। कुछ ऑटोमेटिक बटन भी काम नहीं कर रहे थे। कार की बैटरी बैठी हुई थी। इसके बाद आरपीएफ स्टाफ ने कार को धक्का देकर पार्सल ऑफिस तक पहुंचाया और अपनी निगरानी में रख लिया। चालक को आरपीएफ पोस्ट लाया गया। पूछताछ के बाद उसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया। आरपीएफ के मुताबिक, चालक स्वेच्छा से पोस्ट पर आया था। मामले की जांच जारी है।










