गोरखपुर में पलटा भूसा लदा ट्रक: हादसे में तीन लोग घायल, मौके से फरार हुआ चालक

बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र में पटना चौराहे पर भूसा लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में प्रदीप पासवान (55), अभिनंदन (50) और रामानंद साहनी (50) घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और तीनों को बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे के कारण कुछ देर चौराहे पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
हादसे में प्रदीप पासवान और अभिनंदन के कंधे में चोट आई है। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है। वहीं रामानंद साहनी को गंभीर चोटें लगी हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को आगे के इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामानंद को विशेष उपचार के लिए भेजा गया है।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पलटे ट्रक की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ट्रक से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।










