महराजगंज में वीडियो बनाने के शक में दो युवकों को पीटा: घायलों का चल रहा इलाज, पुलिस ने दर्ज किया केस

नौतनवां थाना क्षेत्र के कजरी गांव के मुसहर टोले में दो युवकों की पिटाई का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग दोनों युवकों को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। एक युवक खुद को बचाने के लिए रहम की गुहार लगाता दिख रहा है, लेकिन उसके साथ मारपीट जारी रहती है।
मारपीट में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। दूसरे युवक को भी चोटें लगी हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सामने आए वीडियो में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने नौतनवां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
लाठी-डंडे लेकर पहुंचे कोटेदार
बताया जा रहा है कि कजरी मुसहर टोले में राशन वितरण को लेकर कोटेदार के खिलाफ शिकायत से संबंधित वीडियो बनाया जा रहा था। इसी दौरान कोटेदार और उसके समर्थक लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कोटेदार और उसके समर्थकों को शक था कि दोनों युवक किसी पत्रकार को बुलाकर राशन वितरण में कथित अनियमितता से जुड़ी खबर बनवा रहे हैं। इसी शक में दोनों की पिटाई की गई। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले की जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने नौतनवां थाने में तहरीर दी है। इसमें आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने और मारपीट करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल सामने आए वीडियो और तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। दोनों घायल युवकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।










