महराजगंज में मलबे में दबकर महिला की मौत: सोते समय भरभराकर गिरा कच्चा मकान, परिवार में पसरा मातम

कोल्हुई थाना क्षेत्र के जिगिनिहा गांव में रविवार सुबह कच्चा मकान अचानक ढह गया। मलबे में दबने से 59 वर्षीय कुसुमी देवी की मौत हो गई। हादसे के समय उनके पति भी मकान में सो रहे थे, लेकिन वह सुरक्षित बच गए। मकान गिरते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
कुसुमी देवी पति के साथ इसी कच्चे मकान में रहती थीं। परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उनके दो बेटे थे। इनमें एक की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा अपने ससुराल में रहता है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि कुसुमी देवी के पति करीब चार महीने पहले सड़क हादसे में घायल हुए थे। दुर्घटना में उनका पैर टूट गया था। इसके बाद से उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी होती थी।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
मकान गिरने की सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन से सहायता दिलाने की मांग की है।










