महराजगंज में पेड़ गिरने से दंपती की मौत: बकरी खोजने गए थे जंगल, हादसे में बेटी हुई घायल

पनियरा थाना क्षेत्र के चंदनचाफी गांव में आंधी-बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जंगल में बकरी खोजने गए दंपती पर सांखू का पेड़ गिर गया। हादसे में गौरी शंकर पासवान और उनकी पत्नी की भी मौत हो गई। उनकी 19 वर्षीय बेटी अंजीलिका भी पेड़ की चपेट में आकर घायल हो गई। हादसे के बाद तेज बारिश के कारण ग्रामीण तत्काल जंगल नहीं पहुंच सके। बारिश थमने पर ग्रामीणों ने पेड़ काटकर दंपती को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
चंदनचाफी निवासी गौरी शंकर पासवान पुत्र रामबृक्ष अपनी पत्नी देवी के साथ रहते थे। उनकी बेटी अंजीलिका जंगल में बकरी चरा रही थी। बकरी के कहीं चले जाने पर उसने माता-पिता को जानकारी दी। इसके बाद तीनों बकरी की तलाश में जंगल पहुंच गए। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक सांखू का पेड़ गिर गया। तीनों उसकी चपेट में आ गए। अंजीलिका किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और ग्रामीणों को घटना बताई।
चार बेटियों के सिर से उठा माता-पिता का साया
आंधी-बारिश के कारण ग्रामीण तुरंत घटनास्थल तक नहीं जा सके। मौसम सामान्य होने के बाद देर शाम ग्रामीण जंगल पहुंचे और पेड़ काटकर तीनों को बाहर निकाला। तब तक दंपती की मौत हो चुकी थी। मृतक दंपती की चार बेटियां हैं। कौशल्या और सुशीला की शादी हो चुकी है, जबकि अखिलेश होशिला और अंजीलिका अविवाहित हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
अगले दिन पहुंची पुलिस
रविवार सुबह सूचना मिलने पर पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की गई। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










