गोरखपुर में पीएनसी वाहन की टक्कर से दंपती की मौत: बाइक से जा रहे थे फरेंदा, परिवार में मचा कोहराम

गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर पीपीगंज के भगवानपुर ओवरब्रिज के पास रविवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। हाईवे निर्माण में लगी पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी के वाहन ने गोरखपुर से फरेंदा जा रहे दंपती की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राजू यादव (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रंभा देवी ने जंगल कौड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान पीपीगंज के मखनहा ग्रामसभा स्थित रबेलिया टोला निवासी राजू यादव और उनकी पत्नी रंभा देवी के रूप में हुई है। दोनों कैंपियरगंज के इंदरपुर स्थित रंभा के मायके जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
हादसे ने तीन बच्चों को किया बेसहारा
राजू और रंभा के तीन बच्चे हैं। इनमें आदर्श (14), आस्था (10) और रिया (8) शामिल हैं। हादसे में माता-पिता दोनों की मौत से तीनों बच्चों के सिर से उनका साया उठ गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना पर सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह और पीपीगंज थानाध्यक्ष राकेश रौशन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और वाहन की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।










