राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच तेज: आरोपी के घर पहुंची पुलिस, शेयर बाजार में पैसा लगाने का दावा

उत्तरप्रदेश|9 घंटे पहले
आरोपी के घर पहुंची पुलिस, शेयर बाजार में पैसा लगाने का दावा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। गुरुवार सुबह पुलिस मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा को उसके घर लेकर पहुंची। जहां करीब 20 मिनट तक तलाशी ली गई और परिजनों से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने तलाशी के दौरान क्या बरामद किया? इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल साझा नहीं की है। उधर, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की रकम के इस्तेमाल को लेकर कई अहम दावे किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अनुकल्प मिश्रा ने पूछताछ में बताया कि वह और अविनाश शुक्ला कथित तौर पर चोरी के पैसों को शेयर बाजार में निवेश करते थे। इसके अलावा रकम लोगों को ब्याज पर भी दी जाती थी। पुलिस के मुताबिक, कुछ धनराशि रिश्तेदारों और परिचितों के खातों के माध्यम से भी लेनदेन की गई और बाद में अपने खातों में ट्रांसफर कराई गई। इससे पहले बुधवार को पुलिस आरोपी लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को भी उनके घर लेकर गई थी। वहां भी तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के रिश्तेदारों से जुड़े 30 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। प्रारंभिक जांच में इन खातों में आय की तुलना में अधिक वित्तीय लेनदेन मिलने की बात सामने आई है।

रिमांड पर पूछताछ जारी

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 40 घंटे की रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान उनके पास से फर्जी चंदा रसीदें मिलने की जानकारी भी सामने आई है। जांच एजेंसियां अब धन के स्रोत, निवेश और बैंक खातों से जुड़े लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

विपक्ष ने जांच पर उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में इस मामले को लेकर जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप है। इस मामले में एसआईटी केवल लीपापोती कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एसआईटी के एक सदस्य पर भी धोखाधड़ी का केस दर्ज होने की चर्चा है। अखिलेश ने कहा कि मंदिर परिसर में कार्यरत लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच कराई जानी चाहिए। वहीं, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि यह किसी संगठित नेटवर्क का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

ट्रस्ट सदस्य ने जताया भरोसा

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री और प्रशासन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस निष्पक्ष जांच करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करेगी। पूरे मामले का न्यायसंगत समाधान सामने आएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।