गोरखपुर में बीमारी का नाटक कर मांगी लिफ्ट: चालक को उतार नई स्कूटी लेकर फरार आरोपी, केस दर्ज

गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र में बीमारी का बहाना बनाकर लिफ्ट लेने वाले युवक ने भरोसे का फायदा उठाते हुए नई स्कूटी लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान शुरू कर दी है।
गोरखनाथ क्षेत्र के लच्छीपुर खास निवासी वंदना निषाद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। वंदना के अनुसार, उनका छोटा भाई सूरज निषाद एक जुलाई को स्कूटी से काम पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे रोककर लिफ्ट मांगी। शुरुआत में सूरज ने मना कर दिया। लेकिन युवक ने खुद को बीमार बताते हुए जल्द अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई। उसकी बात पर भरोसा कर सूरज ने उसे पीछे बैठा लिया और आगे बढ़ गया।
चालाकी से खुद संभाली गाड़ी
कुछ दूरी तय करने के बाद युवक ने जल्दी अस्पताल पहुंचने की बात कहते हुए सूरज से गाड़ी रोकने को कहा। उसने खुद स्कूटी चलाने की इच्छा जताई और सूरज को पीछे बैठने के लिए मना लिया। राजेंद्र नगर स्थित चंद्रा पेट्रोल पंप के पूर्व दिशा में पहुंचने पर उसने दोबारा गाड़ी रोकी। जैसे ही सूरज स्कूटी से नीचे उतरा, आरोपी तेजी से स्कूटी लेकर फरार हो गया। सूरज कुछ दूर तक शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ा, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में आंखों से ओझल हो गया। वंदना ने बताया कि हाल ही में खरीदी गई स्कूटी का नंबर UP53FU0264 है। घटना के बाद पूरा परिवार परेशान है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक अनीस कुमार सिंह को सौंपी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









