ग्राउंड रिपोर्टकाशी विद्यापीठ में विश्व हिंदी दिवस समारोह: छात्रों को हिंदी के वैश्विक महत्व से कराया अवगत, भाषण प्रतियोगिता हुई

वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह परिसर, गंगापुर में 10 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों द्वारा विश्व हिंदी दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच हिंदी भाषा के महत्व को बढ़ावा देना और वैश्विक स्तर पर इसकी बढ़ती लोकप्रियता से अवगत कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मनोज कुमार सोनकर, सहायक आचार्य हिंदी, ने दिवस परिचय के साथ किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों के लिए एक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विषय 'हिंदी वैश्विक संपर्क की भाषा' और 'आधुनिक भारत में हिंदी की प्रासंगिकता' रखे गए थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की संवाहक है। उन्होंने जोर दिया कि तकनीकी और डिजिटल युग में हिंदी वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रही है। वक्ता के रूप में डॉ. अवनीश कुमार सिंह ने भी अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम प्रकाश सिंह यादव ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमेश मिश्रा और डॉ. राजेश कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्वागत भाषण कार्यक्रम अधिकारी श्री सुमित कुमार घोष ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महेश कुमार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना पाण्डेय ने सभी स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों और शिक्षकों को अपने दैनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता देने और इसके गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें






