भरत तिवारी एनकाउंटर पर महापंचायत: प्रशांत किशोर बोले- सम्राट से नहीं संविधान से चलेगा बिहार, जांच पर उठाए सवाल

भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में बुधवार को आयोजित महापंचायत में हजारों लोगों की भीड़ जुटी। जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कार्यक्रम में शामिल होकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार संविधान से चलेगा, किसी सम्राट के आदेश से नहीं।
महापंचायत को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि इस मामले में केवल पुलिसकर्मियों की भूमिका ही नहीं है। पूरे घटनाक्रम से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि मुठभेड़ का आदेश किस स्तर पर दिया गया। इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता जवाब चाहती है। कानून के दायरे में रहकर सच्चाई सामने आनी चाहिए।
गांव में जुटी हजारों की भीड़, लगे न्याय के नारे
बिलौटी गांव से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक भरत तिवारी के पोस्टर लगाए गए थे। इनमें उनके लिए न्याय की मांग की गई। बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आयोजकों के अनुसार गांव में करीब एक हजार वाहन पहुंचे और पांच हजार से अधिक लोगों ने महापंचायत में हिस्सा लिया। गौरतलब है कि 17 जून को पुलिस ने भरत तिवारी का एनकाउंटर किया था। इसके बाद परिवार ने मुठभेड़ को लेकर गंभीर सवाल उठाए और इसे संदिग्ध बताया। मृतक की मां ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में एसडीपीओ, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज किया जा चुका है। वहीं, सरकार ने जगदीशपुर के एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा मामले की न्यायिक जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
कार्रवाई और विकास की उठी मांग
महापंचायत में भरत तिवारी के भाई चंदन ने कहा कि उनके भाई क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते थे। उन्होंने मांग की कि जिन मुद्दों के लिए भरत संघर्ष कर रहे थे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई हो। कार्यक्रम में शामिल विभिन्न सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भी निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और क्षेत्र के विकास की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। महापंचायत के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी भीड़ और पुलिस बल की तैनाती रही।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









