गोरखपुर में पलटा गैस टैंकर: गैस रिसाव की आशंका पर अलर्ट, बिहार जाने वाले वाहनों का बदला रूट

खोराबार थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एचपी गैस से भरा एक कैप्सूल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। टैंकर में गैस भरी होने के कारण प्रशासन ने किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे आराजी बसडिला गांव के पास हुआ। एचपी गैस से लदा कैप्सूल टैंकर गिडा क्षेत्र से बिहार की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और भारी टैंकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। दुर्घटना में चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
चालक ने खोया नियंत्रण
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को वाहन चलाते समय झपकी आना बताई जा रही है। आशंका है कि कुछ क्षणों के लिए ध्यान भटकने के कारण चालक टैंकर पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, एनएचएआई और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। दुर्घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर हालात का आकलन किया गया। गैस से भरे टैंकर के पलटने के कारण किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया।
घायल का एम्स में हो रहा इलाज
दुर्घटना में घायल चालक को एनएचएआई की एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल एम्स गोरखपुर भेजा गया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार चालक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यातायात व्यवस्था में किया गया बदलाव
हादसे के बाद बिहार की ओर जाने वाली लेन पर यातायात प्रभावित हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने वाहनों को कड़जहा मार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया। इससे आवागमन सुचारु बना रहे। खोराबार थाना प्रभारी सुधांशु सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। गैस रिसाव की कोई पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था जारी रखी गई है।











