सोशल मीडिया पर आक्रामकता फैलाने वालों पर शिकंजा: 13 युवक गिरफ्तार, विशेष निगरानी में थे ग्रुप

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक, उकसावे वाले और आक्रामक संदेश साझा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ गोरखपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कैंपियरगंज पुलिस ने बीते दो दिनों के दौरान ऐसे 13 युवकों को अरेस्ट किया है, जो विभिन्न नामों से सोशल मीडिया ग्रुप संचालित कर भड़काऊ पोस्ट और तस्वीरें साझा कर रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक सोशल मीडिया पर ‘एके-47’, ‘महाकाल’ समेत अन्य नामों से समूह बनाकर आक्रामकता का प्रदर्शन कर रहे हैं। इन ग्रुपों में लगातार ऐसी तस्वीरें और संदेश पोस्ट किए जा रहे थे। इनसे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध ग्रुपों और उनसे जुड़े यूजर्स की पहचान की। इसके बाद बुधवार और गुरुवार को अभियान चलाकर संबंधित युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए युवक सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को उकसाने और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।
18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक शामिल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अधिकांश युवक 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के हैं। इन पर सोशल मीडिया के जरिए आक्रामक छवि प्रस्तुत करने, भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने और लोगों को प्रभावित करने का आरोप है। अभियान के दौरान हरनाथपुर निवासी प्रभाकर यादव, भरवलिया के ऋषिकेश साहनी, बसंतपुर टोला मनसापुरवा के ऋषिकेश साहनी, गुलरिया टोला के विकास उर्फ छोटू, धर्मपुर टोला सिकंदरपुर के अनूप गुप्ता, भरवलिया के गुलशन साहनी, रामनगर केवटलिया के शेरू खान और रिंकू यादव समेत कुल 13 लोगों को अरेस्ट किया गया।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है। भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









