सीएम योगी ने सुनीं 250 लोगों की समस्याएं: अफसरों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश, जमीन कब्जा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

उत्तरप्रदेश|5 घंटे पहले
अफसरों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश, जमीन कब्जा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिले में प्रतिकूल मौसम के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 250 फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बारिश को देखते हुए कार्यक्रम का आयोजन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी पीड़ित को निराश नहीं किया जाएगा। सभी मामलों का समयबद्ध व पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही मौजूद अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में कई महिलाओं ने पैतृक संपत्ति और दबंगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पारिवारिक भूमि विवादों में पैमाइश और निष्पक्ष जांच कराकर समाधान कराया जाए। किसी गरीब की जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों के मामलों में भी सीएम ने अस्पतालों से इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

गोशाला पहुंचकर की गोवंश की सेवा

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोवंश की सेवा की। उन्होंने गुड़ और रोटी खिलाकर गोवंश के प्रति अपना स्नेह प्रकट किया तथा परंपरागत दिनचर्या के तहत गुरु गोरखनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।