सीएम योगी बोले- सत्ता में रहते विकास क्यों नहीं किया?: कुशीनगर को 525 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात, रवि किशन पर ली हल्की चुटकी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज विकास को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वे पहले यह बताएं कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने प्रदेश के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में न स्पष्ट नीति थी और न ही विकास की नीयत, इसलिए विकास कार्य ठप पड़े रहे। आज डबल इंजन सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ प्रदेश को नई दिशा दे रही है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान रामकोला, हाटा और कुशीनगर तहसीलों के लिए करीब 525 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने 110 वर्षीय रामविलास भगत और 104 वर्षीय रामप्रवेश साहनी को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले त्योहारों के दौरान दुर्गा पूजा, जन्माष्टमी और होली जैसे आयोजनों में भी बाधाएं खड़ी की जाती थीं। गरीबों की जमीन और नौकरियों पर कब्जे की शिकायतें आम थीं। लेकिन वर्तमान सरकार अपराध और गुंडागर्दी के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब कोई पर्व-त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा, "अब नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा।" मुख्यमंत्री ने मंदिरों के जीर्णोद्धार का उल्लेख करते हुए कहा कि आज प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के संरक्षण का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मंदिरों के लिए मिलने वाले संसाधनों का उपयोग कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल बनाने में किया जाता था, जबकि अब सरकार सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर समान रूप से कार्य कर रही है।
मुसहर समाज का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल में कभी बड़ी चुनौती रहे जापानी इंसेफ्लाइटिस का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय इस मौसम में बड़ी संख्या में बच्चों की मौत होती थी। लेकिन आज सरकार के प्रयासों से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखना उनके लिए सबसे बड़ी संतुष्टि है। उन्होंने मुसहर समाज का जिक्र करते हुए कहा कि वर्षों तक वंचित वर्ग के नाम पर राजनीति हुई। लेकिन उन्हें उनका अधिकार नहीं मिला। डबल इंजन सरकार की योजनाओं से आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचा है।
कुशीनगर एयरपोर्ट को मॉडल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी और वैश्विक परिस्थितियों के कारण नए विमान समय पर उपलब्ध नहीं हो सके। इससे कुशीनगर एयरपोर्ट का संचालन अपेक्षित गति से शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए विमान मिलने के बाद एयरपोर्ट का संचालन तेज होगा और इसे मॉडल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में विकसित कर जेवर और अयोध्या एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा।
रवि किशन बोले- मुझे 'महाराज जी' लेकर आए
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी भी ली। उन्होंने लोगों से पूछा कि रवि किशन की फिल्म कितने लोगों ने देखी है और उनके साथ अभिनय कौन करना चाहता है। इसके बाद मुस्कुराते हुए कहा कि पहले कुशीनगर के सांसद विजय दुबे के साथ काम करिए, फिर रवि किशन के साथ भी मौका मिल जाएगा। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर सभा में ठहाके गूंज उठे। वहीं, रवि किशन ने भी भोजपुरी अंदाज में कहा कि उन्हें कार्यक्रम में सांसद नहीं, बल्कि "महाराज जी" लेकर आए हैं। उनकी इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री समेत अन्य नेताओं ने भी मुस्कुराकर प्रतिक्रिया दी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









