बच्चा पैदा करने के लिए किशोरी से रेप: फरार दंपति एक साल बाद अरेस्ट, नगर निगम कर्मचारी ने पत्नी के साथ मिलकर रची साजिश

उत्तरप्रदेश|6 घंटे पहले
फरार दंपति एक साल बाद अरेस्ट, नगर निगम कर्मचारी ने पत्नी के साथ मिलकर रची साजिश

शाहपुर पुलिस ने बच्चा पाने की चाह में 15 वर्षीय किशोरी को शिकार बनाकर उससे रेप कराने के सनसनीखेज मामले में एक साल से फरार चल रहे दंपति को अरेस्ट कर लिया है। आरोपियों पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया है। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले ने मानवता और कानून दोनों को झकझोर कर रख दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजपाल सिंह और उसकी पत्नी सोनिया के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मथुरा के कोसीकला क्षेत्र के नंदगांव बाईपास रोड के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी बृजपाल सिंह गोरखपुर नगर निगम में संविदा पर कार्यरत था और पत्नी के साथ शाहपुर इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। शादी के कई वर्षों बाद भी संतान न होने से दंपति परेशान था। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक किशोरी से हुई, जिसे बेहतर जिंदगी और पैसों का लालच देकर बच्चा पैदा करने के लिए तैयार किया गया।

गर्भवती होने पर छोड़कर भागे आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी आरोपियों के घर में ही रहने लगी थी। कुछ समय बाद जब वह गर्भवती हो गई तो दंपति ने उसे आर्थिक मदद देना बंद कर दिया और अचानक किराये का मकान छोड़कर मथुरा फरार हो गया। खुद को ठगा और असहाय महसूस कर रही किशोरी ने शाहपुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद वर्ष 2024 में शाहपुर थाने में रेप समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया।

एसएसपी ने घोषित किया इनाम

शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपियों के बारे में सटीक जानकारी जुटाने में काफी दिक्कत हुई, क्योंकि नगर निगम के रिकॉर्ड में भी उनका स्थायी पता सही दर्ज नहीं था। इसी वजह से आरोपी लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी

पुलिस लगातार दोनों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान बुधवार को सूचना मिली कि आरोपी गोरखपुर आए हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और किशोरी को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने समाज में महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें