पूर्वांचल को मिलेगी पहली NCC एकेडमी: सितंबर तक निर्माण होगा पूरा, 11 जिलों के कैडेट्स को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

उत्तरप्रदेश|3 घंटे पहले
सितंबर तक निर्माण होगा पूरा, 11 जिलों के कैडेट्स को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बन रही पहली अत्याधुनिक एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) ट्रेनिंग एकेडमी अगले तीन महीनों में पूरी तरह तैयार हो जाएगी। गोरखपुर के ताल कंदला में करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 47.88 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह एकेडमी पूर्वांचल के एनसीसी कैडेटों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। परियोजना का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में अंतिम चरण की फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है।

इस एकेडमी का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौ मार्च 2024 को किया था, जबकि निर्माण कार्य जून 2024 में शुरू हुआ। निर्माण की जिम्मेदारी कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज, जल निगम यूनिट-42, गोरखपुर को सौंपी गई है। परियोजना प्रबंधक विवेक गुप्ता के अनुसार अब तक 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा किया जा चुका है। प्रशासनिक भवन, छात्रावासों और अन्य प्रमुख संरचनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है तथा अब आंतरिक फिनिशिंग और शेष कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कैडेटों को मिलेंगी आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं

नई एकेडमी में 150 कैडेटों की क्षमता वाला बालक छात्रावास, 100 छात्राओं के लिए अलग छात्रावास, प्रशासनिक भवन, डायनिंग हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, विद्युत स्टेशन और आउटडोर मल्टी-एक्टिविटी क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 50 मीटर की आउटडोर शूटिंग रेंज, ड्रिल प्रैक्टिस ट्रैक, फुटबॉल मैदान, ऑब्स्टेकल कोर्स और पुश-अप बीम जैसी प्रशिक्षण सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। परिसर की सुरक्षा के लिए 7.17 करोड़ रुपये की लागत से चहारदीवारी, संतरी पोस्ट, गार्ड रूम और हाईमास्ट फ्लड लाइट भी स्थापित की जाएंगी।

11 जिलों के कैडेटों को होगा सीधा लाभ

गोरखपुर एनसीसी ग्रुप के अंतर्गत आने वाले गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और विद्यालयों के कैडेट इस एकेडमी से लाभान्वित होंगे। यहां हर वर्ष 25 से 30 संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर, थल सेना शिविर, इंटर ग्रुप प्रतियोगिताएं, गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह एकेडमी पूर्वांचल में एनसीसी प्रशिक्षण को नई दिशा देने के साथ युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी मजबूत करेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।