यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर में घुसी वॉल्वो बस: 4 की मौत; 27 यात्री घायल, एसएसपी ने कहा- कंडक्टर चला रहा था बस

उत्तरप्रदेश|4 घंटे पहले
4 की मौत; 27 यात्री घायल, एसएसपी ने कहा- कंडक्टर चला रहा था बस

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, 27 यात्री घायल हो गए। लखनऊ से दिल्ली जा रही वॉल्वो बस तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा करीब आठ फीट तक ट्रेलर में धंस गया। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे के समय बस चालक की जगह कंडक्टर के वाहन चलाने की बात सामने आई है।

हादसा मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे राया थाना क्षेत्र में मथुरा मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर हुआ। पुलिस के अनुसार, गिट्टी से लदा ट्रेलर अपनी लेन में चल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही गोला बस सर्विस की वॉल्वो बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा टकराई। भीषण टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे कई यात्री अंदर ही फंस गए।

दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, पीआरवी और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से खिड़कियां और इमरजेंसी गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। कई यात्रियों को निकालने के लिए बस को गैस कटर से काटना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन मृतकों की नहीं हो सकी शिनाख्त

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय नियमित चालक वाहन नहीं चला रहा था, बल्कि कंडक्टर बस चला रहा था। तेज रफ्तार के बीच वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना में चालक उपदेश यादव, कंडक्टर, क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई। तीन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

यात्रियों ने बयां किया हादसे का मंजर

घायल यात्रियों ने बताया कि अधिकांश लोग उस समय सो रहे थे। अचानक जोरदार झटका लगा और आगे बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घायल युवती ने बताया कि बस काफी तेज गति से चल रही थी और हादसे से कुछ देर पहले ही एक ढाबे पर रुकी थी। घायल युवक ने कहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ पल तक किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है?

घायलों का इलाज जारी

हादसे में 27 लोग घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। दो से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। इनकी जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर है। अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है। वहीं, 34 सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।